दंपत्ति की जली लाश मिली, हत्या की आशंका, घरघोड़ा के नवापारा टेण्डा की घटना
On Thursday, July 12, 2012
रायगढ़। घरघोड़ा के नवापारा टेण्डा के एक मकान में पति-पत्नी की जले हुए हालत में संदिग्ध लाश मिली है। पुलिस के मुताबिक यह हत्या का मामला हो सकता है। पुलिस संदेहियों के धरपकड़ एवं पूछताछ में जुटी हुई है।
इस संबंध में घरघोड़ा पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम नवापारा टेण्डा में रामदेव राठिया उम्र 45 वर्ष एवं उसकी पत्नी कमला राठिया उम्र 30 वर्ष की लाश संदिग्ध रूप से जली हुई हालत में मिली। रामदेव राठिया के बड़े भाई राम सिंह राठिया द्वारा इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने पर घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक कमला बाई 99 प्रतिशत जल चुकी थी जबकि उसके बगल मेें ही उसका पति लगभग अधजेल हालत में मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा एवं मर्ग कायम की कार्यवाही करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए घरघोड़ा के शासकीय चिकित्सालय में रखवा दिया है। कल प्रात: शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी को कल रात करीब 8 बजे मोहल्लेवासियों ने देखा था और आज प्रात: उनकी जली हुई लाश मिली। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का है।
बताया जा रहा है कि रामदेव (40 वर्ष)की पहली पत्नी का आकस्मिक निधन हो जाने पर उसने कमला बाई (30 वर्ष)को चुड़ी पहनाकर उसे अपनी पत्नी बनाया था । कमला बाई दिखने में सुंदर होने के कारण उसका जेठ राम सिंह की नीयत खराब थी और वह अपने छोटे भाई की पत्नी कमला से शादी करना चाहता था। कमला बाई द्वारा अपनी जेठ द्वारा इस बात का ईजहार किये जाने पर उसने इंकार कर दिया था। जिससे रंजिशवश गत 5 अक्टूबर 2011 की रात राम सिंह उम्र 45 वर्ष तथा उसके पुत्र फूल सिंह उम्र 21 वर्ष ने कमला बाई से गाली-गलौच कर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। कमला बाई द्वारा इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराये जाने पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 294, 506, 452, 323 के तहत अपराध दर्ज किया था। यह मामला घरघोड़ा न्यायालय में चल रहा है। इसी मामले में गत 6जुलाई को घरघोड़ा न्यायालय ने दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। जिस पर तामिल करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जिला जेल में दाखिल करा दिया था। 7 जुलाई को वे जमानत पर रिहा हुए थे। इस घटना के चार दिन बाद ही पति-पत्नी के जली हालत में लाश मिलने के इस मामले में मृतक के बड़े भाई पर शंका की सुई अटल गई है। जिससे पुलिस राम सिंह से पूछताछ कर रही है वहीं इस मामले में रायगढ़ के एक व्यक्ति पर भी शंका जाहिर की जा रही है। जिसे हिरासत में लेने के लिए घरघोड़ा पुलिस रायगढ़ आ रही है। फिलहाल घरघोड़ा पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी है।